बदरीनाथ हाईवे पर वाहन दुर्घटना में तीन यात्री घायल
चमोली। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास यात्रियों का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही घायल यात्रियों को वाहन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना मंगलवार देर शाम की है । पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम को पुलिस को सूचना मिली की बदरीनाथ से जोशीमठ की ओर आ रहा एक यात्री वाहन जेपी चट्टान लामबगड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चौकी प्रभारी सम्पूर्णानंद जुयाल मय पुलिस बल घटनास्थल पर पंहुचे। घटना स्थल पर टेम्पो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया था। पुलिस कर्मियों द्वारा यात्रियों का रेस्क्यू कर सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला गया। चौकी प्रभारी पांडुकेश्वर सम्पूर्णानंद जुयाल ने पुलिस बल के साथ घायलों को अपने निजी वाहन से उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पांडुकेश्वर पहुंचाया। दुर्घटना ग्रस्त वाहन में 5 पुरुष, 3 महिलाएं व 4 बच्चे मौजूद थे। घायलों में सुमन श्रीवास्तव 64 वर्ष, अदिति श्रीवास्तव 38 वर्ष व केसनी 40 वर्ष को चोटें आयी। जबकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं। सभी यात्री करतार कलोनी, सहारनपुर के रहने वाले हैं। घायलों के पांडुकेश्वर स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने वाहन की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को जोशीमठ उनके ठहरने के स्थान तक सुरक्षित पहुंचाया ।