अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए 488 ग्राम चरस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वाहन सीज कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत शुक्रवार को लोधिया बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सवार तीन युवकों के कब्जे से 488 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु बोरा निवासी लालकुआं, जिला नैनीताल, सुमित सिंह दानू निवासी बिंदुखत्ता, जिला नैनीताल और साहिल टम्टा निवासी जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बरामद चरस की कीमत करीब 97 हजार 600 रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश बोरा, हेड कांस्टेबल शिवराज सिंह राणा, हेड कांस्टेबल जगपाल सिंह, कांस्टेबल इरशाद उल्ला और कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे।