बिग ब्रेकिंग

देश को बचाना है तो उत्तराखंड से पलायन रोकना जरूरी : योगी आदित्यनाथ

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक
-अपने गुरु ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत अवेद्यनाथ महाराज की मूर्ति का किया अनावरण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बाद मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड में महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत अवेद्यनाथ महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आने वाला समय उत्तराखंड का है। देश को बचाना है तो उत्तराखंड के पलायन को रोकना होगा, क्योंकि उत्तराखंड देश की उत्तरी सीमा से लगा है। पलायन रोकने के लिए पौधारोपण व जल संरक्षण को बढ़ावा देना होगा।
इससे पूर्व योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र यमकेश्वर में लोगों ने फूल-मालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अवैद्यनाथ महाराज जी का जन्म यमकेश्वर के कांडी गांव में हुआ था। वह अपनी छोटी सी उम्र में घर छोड़कर निकल गए थे, लेकिन उनका जन्मभूमि क्षेत्र से बेहद लगाव था। कहा कि उन्हीं के प्रयासों से महाविद्यालय का संचालन शुरू किया गया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से इस महाविद्यालय को मान्यता मिली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महाविद्यालय में साइंस क्लास की घोषणा बेहद सराहनीय है। कहा कि उत्तराखंड में सबसे बड़ी समस्या पलायन है। यहां अच्छी शिक्षा, अच्छा माहौल सौंदर्य और संभावनाएं हैं। उत्तराखंड का युवा जहां भी जाता है, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश वर्ष 2014 के बाद से नए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना जैसी महामारी का डटकर सामना किया, जिसकी विदेशों में भी जमकर तारीफ हुई। उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को इको पर्यटन से जोड़ना होगा।

गुरुजनों को सम्मानित करके हो रहा हूं गौरवान्वित
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाविद्यालय के छह गुरुजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद मुझे अपने गुरुजनों का सम्मान करने का अवसर मिला है। गुरुजनों को सम्मानित करके मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

आस्था के नाम पर जन भावना के साथ नहीं होने देंगे खिलवाड़
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां अन्य राज्यों में अव्यवस्था फैली हैं, वही उत्तर प्रदेश में आज ईद के अवसर पर कहीं कोई उपद्रव नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश में व्यक्तिगत आस्था पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन उससे किसी अन्य को असुविधा नहीं होनी चाहिए। कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। जन भावना के साथ आस्था के नाम पर खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। कहा कि हमने उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख अनावश्यक माइक हटवाए हैं और कहीं कोई विवाद नहीं है।

चंपावत के उपचुनाव के प्रचार का हो गया है आगाज
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंपावत के उप चुनाव के प्रचार का शुभारंभ यमकेश्वर की इस पावन धरती से हो गया है। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की 21 वर्षों से जकड़ी समस्या का समाधान अंतिम चरण पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!