रुद्रपुर। साप्ताहिक बाजार के खिलाफ व्यापार मंडल ने सोमवार को बाहर से आए व्यापारियों के खिलाफ आक्रोश जताया। वहीं उनको खदेड़ते हुए व्यापारियों ने इस तरह विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है। सोमवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य मुख्य बाजार स्थित बाटा चौक पर इकट्ठे हुए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए बाजार में लगने वाले साप्ताहिक बाजार का कड़ा विरोध किया। आरोप है कि बाहर से व्यापारी आकर निम्न स्तर का माल बेचते हैं और मुख्य बाजार की सड़कों पर कब्जा करके रास्ता जाम कर देते हैं। इससे आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि पुलिस प्रशासन को एक बार नहीं कई बार बाहर से आए व्यक्तियों की सूचना दी गई है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि व्यापारियों के साथ व्यापार मंडल का इस तरह का विरोध प्रत्येक साप्ताहिक बंदी वाले दिन जारी रखेगा। इस दौरान महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, पवन गाबा, राजेश कामरा , नवीन बांगा, प्रदीप कामरा, संदीप कामरा, आकाश भुसारी, सुनील झाम, अंशुल ठुकराल, मनीष ठुकराल, सुरेंद्र नरूला, सोनू खुराना, हनी खुराना, बबलू देवल, सुरेंद्र बठला, तुषार अरोरा आदि व्यापारी मौजूद रहे।