द्रप्रयाग। भले ही बरसात में पहाड़ के सभी इलाकों में रोपाई का काम शुरू हो जाता है किंतु मुख्यालय स्थित पुनाड़ के खेतों में इन दिनों रोपाई का काम जोरों पर है। झमाझम बारिश के बीच बड़ी संख्या में किसान अपने खेतों में रोपाई कर रहे हैं। अधिकांश किसान सुबह से ही रोपाई में जुटे हैं। दरअसल बीते कई सालों से पुनाड़ के किसान पुनाड़ नहर पर पर्याप्त और समय पर पानी न आने के कारण चिंतित रहते हैं जिससे उनकी निर्भरता बारिश पर रही रहती है। इस बार बरसात के जल्दी शुरू होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। बारिश होते ही किसानों की पानी को लेकर आधी चिंताएं खत्म हो गई। इन दिनों पुनाड़ के खेतों में चारों ओर धान की रोपाई हो रही है। किसान खेतों में सुबह से ही रोपाई में जुटे हैं। इस पौराणिक कार्य में किसान एक दूसरे की मदद कर रहे हैं। सुबह से ही खेतों में जुटे लोग दिन की रोटी भी खेतों में ही खा रहे हैं। इन अदभुत नजारों को सोशल मीडिया में देख गांवों से बाहर रहने वाले लोग भी अपने पुराने दिनों को याद कर रहे हैं। पुनाड़ निवासी महेश चन्द्र डियून्डी, रामचन्द्र नौटियाल, प्रवीन सेमवाल, शैलेंद्र गोस्वामी, दिनेश सेमवाल, प्रकाश गोस्वामी, विजय कप्रवान आदि ने कहा कि पुनाड़ में रोपाई की एक अलग ही परम्परा है जिसका आज भी सतत निर्वहन किया जा रहा है। रोपाई के लिए पूजा अर्चना साथ एक दिन निकाला जाता है जिसके बाद सभी लोग क्रमवार रोपाई कर रहे हैं। बरसाती मौसम के बीच रोपाई को लेकर सभी में उत्साह का माहौल है।