जयंती पर हीरो ऑफ नेफा जसवंत सिंह रावत को दी श्रद्धाजंलि

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : हीरो ऑफ नेफा अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की जयंती के अवसर पर बुधवार को उनकी जन्मभूमि में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों, पूर्व सैनिकों एवं क्षेत्रवासियों ने बाबा जसवंत सिंह रावत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी वीरता, साहस और देश के लिए दिए गए सर्वाेच्च बलिदान को याद किया।


कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि जसवंत सिंह रावत की वीरगाथा आज भी देशवासियों और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कहा कि उनकी जन्मभूमि और स्मृतियों से जुड़े स्थलों के विकास तथा उनके जीवन और शौर्य गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अनूप पटवाल ने कहा कि बाबा जसवंत सिंह रावत के नाम पर आयोजित होने वाला राजकीय मेला केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मेले का विधिवत एवं भव्य आयोजन करने की मांग की, ताकि इसका स्वरूप और व्यापक हो सके तथा क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनें। पटवाल ने दुनाव महादेव में जसवंत सिंह रावत के नाम पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के विस्तार की भी मांग की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को इन प्रतियोगिताओं से जोड़ा जाना चाहिए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में भी नियमानुसार लाभ दिलाने की दिशा में पहल होनी चाहिए। इससे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और बाबा जसवंत सिंह रावत की स्मृति को युवा पीढ़ी से जोड़ने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डा. प्रेम सिंह नेगी, गणेश प्रसाद जोशी, विजयराम पोखरियाल, भीम सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *