जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रामनगर से सीमेंट व बजरी लेकर आ रहा ट्रक ग्राम तलाई के समीप पूर्वी नयार नदी में जा गिरा। सड़क किनारे पुस्ता ढहने के कारण ट्रक नदी में जा गिरा। हालांकि, चालक ने पहले ही ट्रक से कूद मार दी, जिससे उसकी जान बच गई।
ट्रक रामनगर से सीमेंट, सरिया व बजरी लेकर बैजरो तलाई की ओर आ रहा था। इसी दौरान तलाई से करीब सौ मीटर पहले ट्रक पूर्वी नयार नदी में जा गिरा। गनीमत यह रही कि चालक संजय प्रकाश ने समय रहते ट्रक से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गयी। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे मलबा एकत्र था, जिस कारण सड़क संकरी हो गई। चालक ने किनारे से ट्रक को निकालने का प्रयास किया तो सड़क किनारे का कच्चा पुश्ता ढह गया और ट्रक नदी में जा गिरा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि उक्त स्थान पर पिछले कई महीनों से मलबा पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग को कई बार इस मलबे को हटाने के लिए कहा गया। लेकिन, कोई फायदा न हुआ। ग्राम प्रधान नीलम रावत ने कहा कि इस सड़क पर लोनिवि कालोनी में रहने वाले कई विभागीय कर्मचारी रोजाना आते जाते हैं। लेकिन, विभाग ने मलबा हटाने की जहमत नहीं उठाई।