बरसाती नाले में फंसा सेब से भरा ट्रक

Spread the love

कालसी, हरिपुर कोटी ईच्छाड़ी क्वानूझ्रमिनस मोटर मार्ग पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सेब से लदा एक ट्रक बरसाती नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण बीच रास्ते में फंस गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और चालक भी पूरी तरह सुरक्षित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पहाड़ी क्षेत्र से सेब लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान मार्ग में पड़ने वाले बरसाती नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते ट्रक नाले के बीच फंस गया, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के मौसम में इस मोटर मार्ग पर कई बरसाती नाले उफान पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और भारी बारिश के दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। प्रशासन ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के दौरान बरसाती नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों को पार करते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा जलस्तर अधिक होने की स्थिति में जोखिम उठाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *