फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी, कई इमारतें ढही

Spread the love

मनीला,फिलीपींस के कुछ इलाकों में सोमवार तड़के जोरदार भूकंप आया, जिससे लोग सहम गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई है। फिलीपीन ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से 13 किमी दक्षिण-पश्चिम में था। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने गहराई 55.2 किलोमीटर बताई है। भूकंप में 5 व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि कई इमारतें ढही हैं।
प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने भूकंप के बाद कहा कि फिलीपींस के कुछ तटों पर 3 मीटर (10 फीट) तक की सुनामी लहरें उठने की संभावना है। इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटों पर 1 मीटर (3 फीट) तक की लहरें उठने की संभावना है। फिलीपीन संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे ऊंचे स्थानों पर चले जाएं या और अंदरूनी इलाकों में चले जाएं।
जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के मास्टर सार्जेंट रॉबर्ट डैगन ने बताया कि भूकंप में कई इमारतें प्रभावित हुई हैं, लेकिन अभी गिनती नहीं हुई है। दुनिया के सबसे आपदाग्रस्त देशों में से एक, फिलीपींस प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले भूकंपीय फॉल्ट के चाप पर स्थित है, इसलिए अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोटों से प्रभावित होता है। इसे ‘रिंग ऑफ फायर’ भी कहते हैं। यह द्वीपसमूह हर साल लगभग 20 टाइफून और उष्णकटिबंधीय तूफानों की चपेट में भी आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *