देहरादून()। पर्यटन नगरी मसूरी में जाम का झाम लोगों की टेंशन बढ़ा रहा है। मसूरी देहरादून मार्ग पर दोपहर में जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोमवार को मसूरी देहरादून मार्ग पर दोपहर 1:00 बजे करीब जाम लग गया। साथ ही माल रोड पर भी जाम लग गया। जाम लगने का मुख्य कारण सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में लगे सैकड़ों दुपहिया वाहन रहे। माल रोड पर सड़क किनारे बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के कारण हर दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है लेकिन नगर पालिका व पुलिस प्रशासन इनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। मसूरी कैंप्टी चंबा मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली से मसूरी घूमने आए पर्यटक सचिन ने बताया कि वह सुबह 10 बजे देहरादून से मसूरी के लिए चले थे लेकिन 1:00 बजे तक भी मसूरी नहीं पहुंच पाए। देहरादून मसूरी रोड पर लंबा जाम होने के कारण जाम में फंस गए जिससे साथ में छोटे बच्चे होने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। माल रोड पर जाम लगने से व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदार कमल ने बताया कि हर दिन लगने वाले जाम से दुकानदारों का आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण जाम लग रहा है। जाम को सुचारू करने के लिए जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।