मसूरी में होम स्टे के कमरे में मृत मिली महिला इंजीनियर

Spread the love

देहरादून। संदिग्ध परिस्थितियों में मसूरी में होम स्टे में ठहरी इंजीनियर महिला की मौत हो गई। मसूरी पुलिस ने शव कब्जे में लिया है। सोमवार को कोतवाली मसूरी को 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कियाना होम स्टे, टिपरीधार, मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर एक कमरे में दंपति ठहरे थे। महिला की हालत गंभीर है, जो हलचल नहीं कर रही है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी देवेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे। इस दौरान एंबुलेंस में मौजूद फार्मासिस्ट राकेश कुमार ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय पी. राधा गायत्री पत्नी सौम्या श्रीचरण निवासी मास्टर ब्लॉक, मधुबन रोड, नियर चादर विला, शकरपुर वारमल ईस्ट नई दिल्ली हाल पता डी 2 टावर -13 किदवई नगर ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई। कमरे का निरीक्षण के दौरान फील्ड यूनिट ने वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की। टीम ने सैंपल कब्जे में लिए गए। बेड की चादर पर रक्त फैला हुआ था। कमरे में दो खाली शराब की बोतल व अन्य खाद्य सामग्री भी मिली। पी राधा के पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात्रि में शराब का सेवन किया था। दोनों का विवाह 8 नवम्बर 2025 को हुआ था। दोनों आईटी कंपनियों में कार्यरत हैं, जिसमें पति पुणे एवं महिला गुरुग्राम में कार्यरत थीं। इंस्पेक्टरदेवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पी राधा अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश आए थे । 14 जून की रात्रि लगभग 11:30 बजे दंपति मसूरी क्षेत्र में होम स्टे में पहुंचे थे। दोनों ने रात्रि में शराब का सेवन किया और रात्रि लगभग 3:30 बजे सो गए थे। सौम्या श्रीचरण ने बयान दिया कि सुबह उठकर देखने पर उसकी पत्नी के नाक से रक्त निकला हुआ था। मृत्यु के कारणों की जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम परीक्षण डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ करने का आग्रह किया गया । घटना की सूचना पर मृतका के सास -ससुर घटनास्थल पर आ गए l मृतका के माता- पिता को घटना के संबंध में सूचित कर दिया गया है। दोनों ही परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *