कोटद्वार में लाखों की स्मैक के साथ हरिद्वार के दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरिद्वार के पथरी क्षेत्र से कोटद्वार स्मैक बेचने आए थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
शुक्रवार सुबह पुलिस टीम कौड़िया रेलवे फाटक क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मजार के निकट दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आते देख दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिद्वार जनपद के पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा निवासी सोहेल पुत्र मांगा हसन और साहिब पुत्र कप्यूम के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 60-60 ग्राम, कुल 120 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से स्मैक लेकर कोटद्वार में बेचने के उद्देश्य से आए थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद में आरोपियों को स्मैक किसने उपलब्ध कराई और कोटद्वार में वे किन लोगों के संपर्क में थे, इसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *