जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल ने राष्ट्रीय पार्टियों पर पहाड़ की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि आज भी पहाड़ मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। ऐसे में पहाड़ को बचाने के लिए उक्रांद को सत्ता तक पहुंचाना आवश्यक है।
सतपुली में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से सदस्यता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में रैली भी निकाल्ीा। कहा कि भाजपा व कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। विकास के नाम पर इन्होंने जनता को गुमराह करने का कार्य किया। राज्य गठन के बाद भी पहाड़ आज स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। रोजगार के अभाव में पलायन लगातार बढ़ रहा है। नेताओं ने कहा कि जनता का शोषण किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा और अधिक से अधिक युवाओं को दल से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से उक्रांद लगातार जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही है। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी, शांति प्रसाद भट्ट, समीप मुंडेपी, संतोष भंडारी, दिगमोहन नेगी और बलवंत गुसाईं सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।