महंगाई के बोझ तले दब रही जनता : गोदियाल

Spread the love

कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर जनता के शोषण का आरोप लगाया है। कहा कि अच्छे दिन के सपने दिखाने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनता महंगाई के बोझ तले दब रही है। सरकार विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है।
हिंदू पंचायती धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता करते हुए गणेश गोदियाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से अच्छे दिन का वादा किया था। लेकिन, आज जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है। पांच राज्यों में चुनाव खत्म होने के बाद केंद्र सरकार ने अचानक से पेट्रोल, डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी कर दी, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ पड़ा है। कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी है। महिलाओं की रक्षा करने का दावा करने वाली भाजपा महिला सुरक्षा को लेकर संवेदनहीन बनी हुई है। प्रदेश में रोजाना अपराध बढ़ रहे हैं। आए दिन हत्या, लूटपाट की घटनाओं से प्रदेश में भय का माहौल बना हुआ है। कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री पेट्रोलियम पदार्थों का इस्तेमाल कम करने की बात करते हैं। लेकिन, स्वयं विदेश यात्राओं पर जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ ही शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। कहा कि उनकी बेदाग छवि को बदनाम करने का कुचक्र चलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, रंजना रावत, शूरबीर खेतवाल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *