जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वाल्मीकि समाज के बीच पहुंचकर उनकी समस्या सुनने के निर्देश दिए।
नगर निगम सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। मकवाना ने कहा कि वाल्मीकि समाज व सफाई कर्मियों के हितों को लेकर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। ऐसे में हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाएं पहुंचे यह जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की भी है। मकवाना ने नगर निगम में आउटसोर्स के कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि उन्हें भी भारत सरकार की गाइड लाइन के अनुसार ही निर्धारित वेतन दिया जाए। कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को इपीएफ, ईएसआई सहित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को शासनादेश के अनुसार 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके स्वच्छता कर्मचारियों को नियमित करवाए जाने, रिक्त पदों के अनुसार स्थाई पर्यवेक्षक बनाने नगर निगम के कर्मचारियों को भूमि व आवास की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने की कार्यवाही किए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि नगर निगम के माध्यम से आवंटित दुकानों में वाल्मीकि समाज के लोगों को भी वरीयता दी जाए। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, अजय अष्टवाल, सफाई निरीक्षक सुनील सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।