वनराजी महिलाओं को कृषि टूल किट, मजदूरों को मिला कंबल-छाता

Spread the love

पिथौरागढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यू बियरशिवा पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने कहा कि ऐसे शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी एवं दूरगामी परिणाम देने वाले होते हैं। इनके माध्यम से विधिक सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित होता है और समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय तक समान पहुंच प्रदान की जा सकती है। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने शिविरों में प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।सचिव मंजू देवी ने बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक अधिकार योजना-2024 सहित विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इस दौरान 50 वनराजी महिलाओं को कृषि विभाग ने टूल किट बांटे। जरूरतमंदों को बैसाखी, व्हीलचेयर देने के साथ ही कंबल, छाते, महालक्ष्मी किट, लैपटॉप और स्कूल बैग वितरित किए गए। शिविर में 16 मुकदमेबाजी मुक्त ग्रामों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला जज धनंजय चतुर्वेदी, डीएम आशीष कुमार भटगांई, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन, सीडीओ दीपक सैनी, डीएफओ आशुतोष सिंह, एडीएम योगेन्द्र सिंह, न्यू बियरशिवा स्कूल के प्रबंधक एडवोकेट भुवन भाकुनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *