होटल के कमरे में लगी आग, लाखों का नुकसान

Spread the love

रुद्रपुर। नैनीताल रोड स्थित आवास विकास क्षेत्र के एक होटल में गुरुवार देररात आग लग गई। दमकल विभाग की टीम और कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना में कमरे का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। गुरुवार की रात 1.14 बजे पीएफटी के माध्यम से फायर स्टेशन रुद्रपुर को नैनीताल रोड स्थित होटल रिवेरा में आग लगने की सूचना मिली। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के निर्देश पर फायर यूनिट घटनास्थल पर पहुंची। होटल के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 111 में आग लगी हुई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आग लगने का कारण कमरे में धूम्रपान के दौरान बरती गई लापरवाही थी।
दमकल कर्मियों ने होटल में स्थापित होजरील और अपने उपकरणों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग की चपेट में आकर कमरे में रखा बेड, गद्दा, कपड़े, टीवी सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। होटल स्वामी राजीव शुक्ला के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन की टीम में एलएफएम चंद्र प्रकाश, एफएस ड्राइवर गिरीश बिष्ट, फायरमैन प्रकाश पांडे, नवल प्रभात, सुरेश कुमार तथा फायर वुमेन गंगोत्री और गौरी ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *