चार धाम यात्रा पर गए वाहन, पहाड़ी रूटों पर बेपटरी हुई व्यवस्था

Spread the love

समय से वाहन नहीं मिलने के कारण आमजन को हो रही परेशानी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी व बच्चों की छुट्टी के बाद मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहाड़ की ओर अपना रूख कर रहे हैं। लेकिन, अधिकांश वाहनों के चार धाम यात्रा पर चले जाने से लोगों को समय से वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की इस मजबूरी का फायदा कई मैक्स चालक उठा रहे हैं। कई रूटों पर यात्रियों से दोगुना किराया तक वसूला जा रहा है।
जीएमओयू को पहाड़ी रीढ़ कहा जाता है। लेकिन, जीएमओयू की अधिकांश बसें वर्तमान में चल रही चार धाम यात्रा पर चली गई हैं। ऐसे में पहाड़ के कई रूटों पर समय से वाहन नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रिखणीखाल, पौड़ी, यमकेश्वर, जयहरीखाल क्षेत्र के दूरस्थ क्षेत्रों में समस्या सबसे अधिक बनी हुई है। मजबूरन यात्रियों को निजी वाहन बुक कर आवाजाही करनी पड़ रही है। रिखणीखाल निवासी सुदीप सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से सुबह सात बजे कोटद्वार पहुंच गए थे। लेकिन, गांव जाने के लिए समय पर वाहन नहीं मिल पाया। करीब दस बजे उन्हें एक मैक्स मिली। वहीं, यात्रियों की इस मजबूरी का लाभ कई मैक्स वाहन चालक भी उठा रहे हैं। पहाड़ों में यात्रियों से सफर का डबल किराया तक वसूला जा रहा है।

घंटों करना पड़ रहा इंतजार
पर्वतीय क्षेत्रों में सफर करने के लिए लोगों को घंटों वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी बच्चों व बुजुर्गों के साथ यात्रा करने वालों को हो रही है। भीषण गर्मी के बीच वाहनों की कमी ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि व्यवस्था के हिसाब से ही पहाड़ों में वाहनों का संचालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *