तुर्की से कोटद्वार पहुंचा विजय का शव, बेटे ने दी मुखाग्नि

Spread the love

सोमवार को कोटद्वार के मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार
तुर्की में आए भुकंप की चपेट में आ गया था कोटद्वार निवासी विजय
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : तुर्की में भूकंप की चपेट में आने से जान गवाने वाले पदमपुर पोखरियाल कालोनी निवासी विजय का शव सोमवार को उनके आवास पर पहुंचा। अंतिम दर्शन के बाद दोपहर के समय गाड़ीघाट स्थित मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। विजय के छह वर्षीय बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।
जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम दकसुण, हाल निवासी पदमपुर पोखरियाल कॉलोनी निवासी विजय कुमार गौड़ (36) पुत्र स्व. रमेश चंद्र गौड़ बेंगलुरु की ऑक्सीप्लांट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी करता था। 22 जनवरी को वह कंपनी के काम से तुर्की गया था। जहां वह तुर्की के ‘होटल अवसर’ में रुका हुआ था। छह फरवरी की सुबह 4 बजे आए भूकंप में उक्त होटल ध्वस्त हो गया था। छह फरवरी को परिजनों ने टीवी पर तुर्की में भूकंप आने की खबर देखी तो उन्हें चिंता जताते हुए विजय को फोन किया। लेकिन, किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इसके बाद विजय के भाई अरूण ने तहसील में पहुंचकर प्रशासन से केंद्र सरकार के साथ मिलकर उसके भाई की सुध लेने की मांग की थी। वहीं, शनिवार को विजय की कंपनी के अधिकारियों ने उसकी मौत की खबर परिजनों को दी थी। विजय के शरीर पर बने टेटू से उनकी पहचान हुई थी। इसके उपरांत परिजन व कंपनी के सदस्य लगातार शव को भारत लाने के प्रयास में जुटे हुए थे। कपंनी के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह तुर्की से विजय का शव दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को कोटद्वार लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *