भटवाड़ी में केवि खोलने की मांग पर अड़े ग्रामीण

Spread the love

उत्तरकाशी। भटवाड़ी में केवि खोलने और गंगोत्री हाईवे सड़क चौड़ीकरण सहित तीन सूत्रीय मांग को लेकर ग्रामीणों का शनिवार को दसवें दिन भी धरना जारी रहा। धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई। वहीं, पूर्व प्रमुख विनीता रावत ने इस संबंध में गढ़वाल आयुक्त और सीएम सचिव से मिलकर क्षेत्रीय जनता की इन मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन दिया। भटवाड़ी के रामलीला मैदान में क्षेत्रीय ग्रामीण पिछले दस दिनों से धरने पर बैठे हैं। विभिन्न गांवों के लोग बारी-बारी से धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि भटवाड़ी सीमांत क्षेत्र होने के कारण यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही गंगोत्री धाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के कारण गंगोत्री हाईवे का जल्द चौड़ीकरण भी जरूरी है। धरना स्थल पर वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि तहसील में अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से नहीं बैठते, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से तहसील मुख्यालय में उपलब्ध रहें। पूर्व प्रमुख विनीता रावत ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय जनता की मांग पर मुलाकात के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने जिला स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने व केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। धरना स्थल पर आकाश नेगी, विपिन राणा, संदीप राणा, विवेक नौटियाल, प्रीतम, संदीप रावत, महेंद्र, राजकेंद्र थनवाण, यजवेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *