ऋषिकेश। नागल ज्वालापुर में ग्राम सभा की खुली बैठक हुई। जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। मंगलवार को डोईवाला ब्लॉक की ग्राम पंचायत नागल ज्वालापुर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान राखी देवी ने की। बैठक में गांव की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, नालियों की व्यवस्था, सिंचाई नहरों के सुधार, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए खाई खोदने और फेंसिंग वायर लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में सभी पात्र मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। साथ ही पेंशन योजनाओं और राशन कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी दी गई।ग्राम प्रधान राखी देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत के समग्र विकास के लिए ग्रामीणों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। मौके पर पूर्व दर्जाधारी करन सिंह बोरा, जितेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी गुलनार बानो, दर्पान सिंह बोरा आदि उपस्थित रहे।