जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी के बामठी गांव में पिछले कई दिनों से आतंक का कारण बनी मादा गुलदार आखिरकार वन विभाग के लगाए गए पिंजरे में कैद हो गई है। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। नागदेव स्थित रेंज परिसर में पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
बता दें कि बीती 23 अप्रैल को इसी गुलदार ने गांव की एक महिला को निवाला बनाया था, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत बनी हुई थी। गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि विभाग ने गुलदार की निगरानी के लिए 20 कैमरा ट्रैप, चार सोलर सीसीटीवी और इम्प्रेशन पैड का उपयोग किया। साथ ही, क्षेत्र में पांच पिंजरे लगाए गए और शिकारी दल को मचान बनाकर तैनात किया गया था। सघन प्रयासों के बाद, बीती देर रात गुलदार घटना स्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर लगाए गए पिंजरे में फंस गया। एसडीओ आयशा बिष्ट के अनुसार, गुलदार मादा है और उसकी उम्र लगभग 1.5 से दो वर्ष के बीच आंकी गई है। पकड़े जाने के बाद गुलदार को सुरक्षित रूप से नागदेव स्थित रेंज परिसर ले जाया गया है। वर्तमान में वहां पशु चिकित्साधिकारियों की ओर से गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। गुलदार के पकड़े जाने की खबर से बामठी गांव और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है हालांकि वन विभाग अभी भी क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है।