सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उठाई समस्याएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत पठाली में जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।
जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न स्थानीय एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने पर न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि भविष्य में इसे यात्रा के दौरान एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी विकसित किया जा सकता है। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताते हुए मांग की कि नगर पंचायत ऊखीमठ के अंतर्गत पिंगला पानी के लिए प्रस्तावित पेयजल योजना से पठाली गांव को भी जोड़ा जाए, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि भालू एवं बाघ के कारण खेती-बाड़ी को भारी नुकसान हो रहा है तथा ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने गांव की सीमा पर सुरक्षा की दृष्टि से सोलर लाइटें स्थापित किए जाने की मांग की। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के उपरांत जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी मांगों एवं शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का मूल उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर विकासखंड ऊखीमठ के कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप तिवारी, ग्राम प्रधान मनोहर सिंह नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *