वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय संगठन की बैठक आयोजित
नई टिहरी। वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय संगठन की जिला बैठक चम्बा में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयों के प्रबंधकों एवं संचालकों ने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए सरकार से विद्यालयों के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है। बुधवार को चंबा में वित्तविहीन विद्यालय संगठन की जिला बैठक आयोजित हुई। बैठक में वक्ताओं ने सरकार पर वित्तविहीन विद्यालयों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। संगठन के जिलाध्यक्ष पीताम्बर दत्त सेमवाल ने कहा कोरोनाकाल में ग्रामीण क्षेत्रों के प्राइवेट स्कूल आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने केवल विद्याभारती के स्कूलों के शिक्षकों को 5000 रु की सहायता दी। जबकि अन्य स्कूलों को कुछ भी सहायता नहीं दी गयी। और ना ही अब तक स्कूलों को आरटीई का शुल्क नहीं दिया गया। संगठन ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए स्कूलों को आर्थिक सहायता एवं आरटीई का शुल्क देने की मांग की। बैठक में जिला सचिव विक्रम सिंह गुसाईं, प्रतापनगर अध्यक्ष भगवान सिंह खरोला, जाखणीधार अध्यक्ष मातवर सिंह चौहान, उपाध्याक्ष रविन्द्र मखलोगा, सहसचिव लोकेंद्र परमार, कोषाध्यक्ष राजेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।