वाटर कूलर खराब, राहगीरों के सूखे कंठ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी राहगीरों को होती है। गर्मी में पैदल चल रहे राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध हो इसके लिए नगर निगम ने कुछ वर्ष पूर्व जगह-जगह वाटर कूलर लगाए थे। लेकिन, वर्तमान में देखरेख के अभाव में यह वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं। यही नहीं, कुछ जगह वाटर कूलर के आसपास गंदगी का ढेर लगा हुआ है। ऐसे में कैसे राहगीरों की प्यास बुझेगी यह बड़ा सवाल है।
नगर निगम की ओर से राजकीय बेस चिकित्सालय के प्रवेश द्वार, झंडाचौक व नजीबाबाद चौक में वाटर कूलर लगाया गया था। लेकिन, वर्तमान में यह वाटर कूलर दयनीय स्थिति में पड़े हुए हैं। वाटर कूलर की मशीनें खराब हो चुकी हैं, जिसके कारण वाटर कूलर में पानी तक नहीं भर रहा है। यही नहीं, मालवीय उद्यान पार्क के समीप हाईवे के किनारे कुछ वर्ष पूर्व हंस फाउंडेशन की ओर से वाटर कूलर लगाया गया था। लेकिन, यह वाटर कूलर गायब हो गया है। वाटर कूलर कहां गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं। एक बार वाटर कूलर खराब होने के बाद नगर निगम ने इसे ठीक कर दोबारा लगाने की सुध नहीं ली।
बॉक्स समाचार
यात्रियों के लिए नहीं है पानी
कोटद्वार बस स्टेशन में प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। लेकिन, इन लोगों के लिए पानी की कोई व्यवस्था तक नहीं है। नतीजा, लोगों को बाजार से पानी की बोतल खरीदकर प्यास बुझानी पड़ती है। जबकि, स्थानीय लोग कई बार स्टेशन में पेयजल व्यवस्था बनाने की मांग उठा चुके हैं। ऐसे में कैसे व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा यह बड़ा सवाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *