जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दुगड्डा में संचालित हो रहे ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मसाला व हर्बल चाय यूनिट का निरीक्षण कर यूनिट के उत्पादों के आनलाइन बिक्री के भी निर्देश दिए।
गुरुवार को जिलाधिकारी ने विकासखंड दुगड्डा के उमथगांव स्थित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से संचालित फल व मसाला आधारित प्रसंस्करण ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। इस केंद्र में नवदुर्गा क्लस्टर लेवल फेडरेशन की ओर से मसाला यूनिट व लक्ष्य स्वायत्त सहकारिता फरसूला की हर्बल चाय यूनिट संचालित किया जा रही है। जिलाधिकारी ने दोनों इकाइयों में उत्पादन व विपणन की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं से संवाद कर उत्पादों एवं पैकेजिंग की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने पाया कि मसाला यूनिट में वर्तमान में अधिकांश कार्य मैन्युअल रूप से किया जा रहा है, जिस पर उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए यूनिट को सेमी-ऑटोमेटिक बनाने पर जोर दिया। साथ ही आवश्यक मशीनों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि समूह के उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री अमेजॉन जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों पर सुनिश्चित की जाए, जिससे बाजार विस्तार के साथ आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने लक्ष्य स्वायत्त सहकारिता फरसूला की ओर से संचालित हर्बल चाय यूनिट का निरीक्षण किया। ग्रामोत्थान परियोजना प्रतिनिधि को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉक, क्रय व विक्रय पंजिकाओं का निरीक्षण करते हुए उत्पादन की स्थिति का जायजा लिया और व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान समूह की महिलाओं द्वारा पिरुल यूनिट स्थापना की इच्छा व्यक्त की गई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित भूमि का प्रस्ताव देने, मशीनों की खरीद तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। साथ ही वन विभाग के साथ एमओयू की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने एवं ब्रिकेट निर्माण हेतु यूनिट स्थापित करने को कहा। स्पष्ट किया कि यदि क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा बेलिंग यूनिट की स्थापना संभव न हो, तो इस संबंध में जिला कार्यालय में प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।