दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में कब होगी बारिश? जानिए कहां तक पहुंचा मानसून

Spread the love

नईदिल्ली, केरलम में मानसून की बारिश लोगों को राहत दे रही है, जबकि दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में चिलचिलाती गर्मी ने लोगों के पसीना छुड़ा दिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। हालांकि, इसे दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहरों में पहुंचने में अभी 25 से 30 दिन लगेंगे।
आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में आगे बढ़ जाएगा। इसके साथ ही, यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी बढ़ेगा। अगले 7 दिन तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर-पूर्वी भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है।
अभी मानसून को आने में काफी समय है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 10 से 14 जून तक बारिश की संभावना बन रही है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 11 और 12 जून को तेज आंधी चलेगी और कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं। उत्तर प्रदेश में 10-14 जून, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9-14 जून, बिहार में 10-12 जून को बारिश की संभावना है।
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन करते हुए इस साल जून-सितंबर मानसून के दौरान देश में दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की 90 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई है। इसमें 4 प्रतिशत कम या ज्यादा की संभावना है। पहले आईएमडी का पूर्वानुमान 92 प्रतिशत बारिश होने का था। बता दें कि भारत में जून से सितंबर तक की बारिश का कृषि में अहम योगदान है। एलपीए के 96 से 104 प्रतिशत के बीच की बारिश को सामान्य माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *