देश-विदेश

कर्नाटक में किसे मिलेगा पूर्ण बहुमत: मोइली बोले-130 सीटें जीतेगी कांग्रेस

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बेंगलुरु , एजेंसी। इन दिनों कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर-तोड़ में लगी हुईं हैं। अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया है कि कर्नाटक में इस समय बदलाव की बयार चल रही है। आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस राज्य में कम से कम 130 सीटें जीतेगी। वहीं, भाजपा ने भी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से अपनी जीत का दावा किया है। भाजपा नेता के अन्नामलाई ने रविवार को विश्वास जताया कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने दक्षिण भारत के राज्यों के लिए बहुत कुछ किया है। ऐसे में हमें भरोसा है कि हम यहां वापसी करेंगे।
प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम वीप्र्पा मोइली ने एक साक्षात्कार में कहा कि कर्नाटक ने हमेशा केंद्र में सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आगामी विधानसभा चुनावों में जीत 2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस राज्य की 130 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, भाजपा को यहां 60 सीटों पर भी जीत दर्ज करने के लिए मुश्किल होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की हार के साथ ही दक्षिण भारत का प्रवेश द्वार उसके लिए बंद हो जाएगा।
इस दौरान वीरप्पा मोइली ने जेडीएस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता दल (सेक्यूलर) भाजपा के साथ मिलीभगत कर रहा है। लोगों को उसकी हकीकत मालुम हो चुकी है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि लोग एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले संगठन की “अवसरवाद की राजनीति” को खारिज कर देंगे।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा डबल इंजन की सरकार की बात करती है लेकिन एक भी परियोजना को मंजूरी नहीं दिला सकी। मोइली ने आरोप लगाया कि एक भी बड़ा उद्योग (भाजपा शासन में) नहीं आया है। इतना ही नहीं, राज्य में शिक्षकों सहित कई रिक्तियां अभी भी लंबित हैं। भ्रष्टाचार कर्नाटक में हर गली की बात है। उन्होंने कहा कि न्यायाधिकरण में कर्नाटक को कृष्णा नदी से पानी का अधिक हिस्सा देने के फैसले के बाद भी, भाजपा सरकार ने अधिसूचना जारी नहीं की है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य को पानी के अपने वैध हिस्से से वंचित कर दिया गया है।
वहीं, इस दौरान जब उनसे कांग्रेस में कथित अंतर्कलह और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार दोनों में मुख्यमंत्री पद के लिए होड़ के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे भाजपा की बयानबाजी करार दिया। मोइली ने कहा कि भाजपा इस बारे में बात करती रही है लेकिन इस तरह की बातों में कोई दम नहीं है।
वहीं, दूसरी ओर तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख के अन्नामलाई ने भी पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज करने का दम भरा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा कार्यकर्ता बहुत जोश में है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता कुछ भी उम्मीद नहीं करते हैं। भाजपा में कार्यकर्ता सबसे महान हैं क्योंकि वे सत्ता, पद या सीट के पीछे नहीं है। जमीन पर कार्यकर्ता अपना सिर नीचे करके पार्टी के लिए काम कर रहे हैं क्योंकि वे एक विचारधारा के लिए काम करते हैं और उस कार्यकर्ता को हिलाया नहीं जा सकता है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी केवल अपने अहंकार को संतुष्ट करना चाहती है। कांग्रेस जो कुछ भी कर रही है, वह अपने अहंकार को संतुष्ट करने के लिए कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!