बिग ब्रेकिंग

सात नवंबर से उत्तराखंड में शुरू होगी यात्रा, निशाने पर रहेगी धामी सरकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून। उत्तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा के निशाने पर प्रदेश की धामी सरकार रहेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक दिन राज्य के ज्वलंत विषयों को लेकर सरकार पर हमला बोला जाएगा।
सात नवंबर से चमोली जिले के सीमांत गांव माणा से प्रारंभ हो रही भारत जोड़ो यात्रा पहले दिन अंकिता हत्याकांड की हाईकोर्ट के न्यायाधीश की देखरेख में सीबीआइ जांच की मांग को समर्पित होगी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी के संबंध में चमोली जिले को छोड़कर गढ़वाल मंडल के शेष जिलों और ऊधमसिंहनगर जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक दो चरणों में हुई। पहले चरण में जिलाध्यक्षों, ब्लाक अध्यक्षों, फ्रंटल व आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई।
दूसरी बैठक में विधायक, विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी और वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए। बैठकों में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तराखंड के मुद्दों को प्रमुखता देने का निर्णय किया गया। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक के साथ ही ब्लाक व गांव के कार्यकर्ता भाग लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस 14 नवंबर से 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म दिवस तक भारत जोड़ो यात्रा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत ब्लाक व न्याय पंचायत स्तर तक गोष्ठियां होंगी।
यात्राएं निकाली जाएंगी। इन कार्यक्रमों में भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारों की नाकामी तथा राज्य में विभिन्न विभागों में हुए भर्ती घोटालों, खनन, शराब से संबंधित प्रकरणों, अंकिता भंडारी हत्याकांड, अग्निवीर योजना के विरोध में जन जागरण किया जाएगा।
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष जसविंदर गोगी ने विचार रखे। बैठक में विधायक आदेश चौहान, ममता राकेश, फुरकान अहमद, वीरेंद्र जाति, अनुपमा रावत, पूर्व मंत्री नवप्रभात, हीरा सिंह बिष्ट, मनीष खंडूड़ी, सूर्यकांत धस्माना, मथुरादत्त जोशी, पूर्व विधायक मनोज रावत भी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की शनिवार को बैठक में दो वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह अनुपस्थित रहे। ये दोनों ही नेता अल्मोड़ा में हुई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में भी सम्मिलित नहीं हो पाए थे। शनिवार को दोनों नेताओं ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह बीते दिनों हरिद्वार में पंचायत चुनाव में पार्टी की हार के बाद प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को उत्तराखंड दौरे से कन्नी काटने के मामले में निशाने पर ले चुके हैं। शनिवार को प्रभारी देवेंद्र यादव देहरादून में पार्टी की बैठकों में रहे, लेकिन प्रीतम सिंह इनमें सम्मिलित नहीं हो पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!