जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरविंद नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता दुगड्डा तिराहे पर एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही हैं और यह केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। वक्ताओं ने कहा कि लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। पुतला दहन के बाद दुगड्डा में युवा कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा कांग्रेस कोटद्वार के जिला प्रभारी आरिफ अहमद और नितिन रावत ने संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर अनिल रतूड़ी, नितिन रावत, अमित कुमार, अभिलाषा नेगी, कुलदीप पटवाल, पूजा देवी, धनेश्वरी देवी, लक्ष्मण सिंह, सनोज रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।