बागेश्वर। बागेश्वर जिले के मटेना निवासी एक परिवार के लिए मंगलवार की रात पहाड़ जैसी भारी गुजरी। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत देहोली में हुई कार दुर्घटना ने एक नौजवान की जान ले ली बल्कि उस परिवार के उन तमाम सपनों को भी चकनाचूर कर दिया, जिन्हें बुनने की शुरुआत महज डेढ़ महीने पहले हुई थी। ग्राम प्रधान मटेना पूजा रौतेला ने बताया कि भुवन प्रसाद (32) ने घर की आर्थिक स्थिति सुधारने और आत्मनिर्भर बनने के 27 मार्च 2026 को बैंक से लोन लेकर अपनी कार संख्या यूके 02 टीए 3159 खरीदी थी। भुवन के मन में स्वरोजगार के जरिये माता-पिता को सुख देने की बड़ी हसरत थी लेकिन किसे पता था कि जिस गाड़ी को वह अपनी उन्नति का जरिया समझ रहा था, वही उसकी आखिरी सवारी साबित होगी। परिजनों के मुताबिक भुवन मंगलवार को ओखलीसिरोद से एक बरात लेकर गए थे। वह खुशी-खुशी घर लौट रहे थे कि रास्ते में काल ने उन्हें घेर लिया। रात में जब मटेना में भुवन की मौत की खबर पहुंची, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। उनके छोटे भाई राहुल जो मैग्नेसाइट फैक्ट्री में काम करते हैं, ग्रामीणों के साथ मौके के लिए रवाना हुए। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता और छोटे भाई को छोड़ गया है। घर का बड़ा बेटा होने के नाते पूरे परिवार की उम्मीदें भुवन पर टिकी थीं। इस हृदय विदारक घटना से मटेना क्षेत्र में शोक की लहर है और हर आंख नम है।