जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष बनें मेहरबान
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद मुख्यालय में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव संपन्न हुए। 81 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मेहरबान सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर बने अधिवक्ता संघ भवन में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव संपन्न हुए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद पर मेहराबान सिंह को 41 व सुभाष चंद्र को 40 मत मिले। मेहरबान सिंह एक मत से विजयी रहे। उपाध्यक्ष पद पर राकेश सामवेदी को 50 व लक्ष्मी रावत को 31 मत मिले। राकेश 19 मतों से उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। सचिव पद पर आमोद नैथानी को 47 व कुसुम नेगी को 34 मत प्राप्त हुए। आमोद 13 मतों से विजयी रहे। मुख्य चुनाव अधिकारी डीएस नेगी ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए संघर्षरत रहने की बात कही। चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने में प्रदीप भट्ट, विनोद कुमार आदि ने सहयोग प्रदान किया। निवर्तमान अध्यक्ष आशीष जदली ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दी।