ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली पर प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण करें
जर्जर भवनों को चिन्हित कर सील एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में जनपद में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) कार्यक्रम एवं जन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर भवनों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की नियमित निगरानी की जाए तथा ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत प्राप्त होने वाले सभी दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार, निष्पक्ष एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए पात्र मतदाताओं के हितों का संरक्षण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। सभी उपजिलाधिकारी नियमित रूप से प्रकरणों की समीक्षा करें और प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित जर्जर एवं असुरक्षित भवनों के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों का सर्वेक्षण कर उनकी पहचान करने तथा नियमानुसार उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन भवनों को निष्प्रयोज्य एवं असुरक्षित पाया गया है, उन्हें ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक तत्काल प्रभाव से सील किया जाए। साथ ही संबंधित स्थलों पर स्पष्ट एवं प्रमुख स्थान पर सूचना पट लगाया जाए, ताकि आमजन को भवन की असुरक्षित स्थिति की जानकारी मिल सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि की संभावना को रोका जा सके। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।