जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-पुलिंडा मोटर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक हरियाणा नंबर की लावारिस बाइक खाई में मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को खाई से बाहर निकाला और उसके स्वामी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह सैर पर निकले स्थानीय लोगों की नजर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में गिरी एक बाइक पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को खाई से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर किसी प्रकार के खून के निशान या ऐसे अन्य साक्ष्य नहीं मिले, जिनसे यह प्रतीत हो कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ हो। हालांकि, सड़क किनारे बाइक के टायरों के निशान जरूर मिले हैं, जिससे आशंका है कि बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जांच में पता चला कि बरामद बाइक हरियाणा नंबर की है और उसका पंजीकरण गुरुग्राम निवासी जुनैर पुत्र मोहम्मद के नाम पर है। पुलिस ने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्वीच ऑफ मिला। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस और संबंधित माध्यमों से वाहन स्वामी का पता लगाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बाइक खाई में कैसे पहुंची और उस समय उस पर कौन सवार था, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।