जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नीट परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के छात्र संगठन यूएसएफ ने गुरुवार को झंडाचौक में केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
नगर अध्यक्ष नवीन भंडारी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में छात्रों ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उक्रांद नेता एवं अधिवक्ता रोहित डंडरियाल ने कहा कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का मनोबल तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करते हैं तो सरकार उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने उत्तराखंड सरकार पर भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य में भी पूर्व में कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शन में अनास, साहिल, अब्दुस, अंचिका, नेहा, क्रिश, प्रिंस, तनिष्क, विपिन, सोमन, प्रियांशु, सैंडी, आशीष, अर्णव, अमन, रितु, जायद सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।