पात्र परिवारों के राशन कार्ड बहाल करने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : झंडीचौड़ वार्ड नंबर 37 के पार्षद सुखपाल शाह ने पात्र लोगों के राशन कार्ड से नाम काटे जाने पर नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवार सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि लगभग तीन माह पूर्व खाद्य एवं पूर्ति विभाग तथा प्रशासन द्वारा राशन कार्डों का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन के दौरान कई पात्र परिवारों के नाम भी राशन कार्ड से हटा दिए गए। इनमें बड़ी संख्या में विधवा महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के नाम शामिल हैं, जिनकी आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है और जो केवल 1500 रुपये प्रतिमाह मिलने वाली विधवा पेंशन पर निर्भर हैं। सुखपाल शाह ने कहा कि यदि जांच में अपात्र लोगों के नाम हटाए गए हैं तो उस पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पात्र गरीब परिवारों के नाम हटाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के पास अपने आवास के अतिरिक्त कोई भूमि नहीं है और वे आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। ऐसे जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड योजना का लाभ मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मांग की कि जिन पात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं, उनका दोबारा सर्वे कराकर उन्हें पुन: योजना का लाभ दिलाया जाए। इस दौरान सुमित्रा देवी, सुलोचना देवी, देवेश्वरी देवी, सीता देवी, कृष्ण चंद खंतवाल, पुष्पा देवी, आनंद घिल्डियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *