विद्यालय में किया औषधीय व फलदार पौधों का रोपण, छात्राओं ने लिया संरक्षण का संकल्प

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कण्वनगरी में रोटरी क्लब के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोटरी क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जितना आवश्यक है, उससे अधिक जरूरी रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करना है। उन्होंने छात्राओं से पौधों को संरक्षित रखने और हरित वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अभियान में विद्यालय की लगभग 45 छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें पौधों के महत्व, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत नीम, आंवला, अर्जुन, अमरूद और बकैन के पौधे लगाए गए। सभी छात्राओं ने पौधों की नियमित सिंचाई, निराई-गुड़ाई एवं संरक्षण करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वीना रावत, धनेश अग्रवाल, वाईपी गिलरा, विपिन बक्शी, शरत चंद्र गुप्ता, अनिल भोला, ऋषि ऐरन, विजय कुमार, अशोक अग्रवाल, दिनेश रस्तोगी, अनुराग अग्रवाल, गुरूबचन सिंह, उषा अग्रवाल, कुलदीप अग्रवाल, डॉ. एन.पी. पोखरियाल, सचिन गोयल, अमित अग्रवाल और ज्योति स्वरूप उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *