नीट मुद्दे पर छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा यमकेश्वर के द्वारीखाल, यमकेश्वर और दुगड्डा ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
द्वारीखाल ब्लॉक मुख्यालय बिथ्याणी में पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के उपरांत उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है। साथ ही नीट मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अनिल रतूड़ी, संजय तोमर, राजीव जखमोला, गंभीर सिंह, रमेश सिंह भंडारी, संजय लखेड़ा, हर्षमोहन बडोला, क्रांति कपरवाण, राजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, धनपाल सिंह, उमेद सिंह, भारत सिंह, नीतू सिंह और कोमल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, दुगड्डा कांग्रेस कमेटी ने भी गांधी चौक पर नगर अध्यक्ष रितेश ठाकुर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस अवसर पर हरेंद्र रावत, विमल बिष्ट, वरुण नेगी, राकेश कुमार, शम्मी चड्ढा, धर्मेंद्र गोयल, दिनेश चौधरी, शिव सिंह रावत, बलवंत भंडारी और गंभीर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *