कोटद्वार में डेंगू की दस्तक, किशनपुरी निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप के बीच अब डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। भाबर क्षेत्र के किशनपुरी निवासी 36 वर्षीय पुरुष में डेंगू की पुष्टि हुई है। मरीज को उपचार के लिए बेस अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।


बेस अस्पताल में इन दिनों वायरल बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। डेंगू वार्ड में डेंगू संक्रमित मरीज के साथ वायरल से गंभीर रूप से प्रभावित कुछ मरीजों को भी भर्ती किया गया है। बीते कई दिनों से अस्पताल की ओपीडी में बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द और गले में तकलीफ जैसी शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। रोजाना 50 से अधिक मरीज बुखार संबंधी समस्याओं को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, करीब एक महीने से डेंगू के संभावित मामलों की पहचान के लिए रैपिड जांच कराई जा रही थी। अब तक जांच में मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ रही थी, लेकिन किशनपुरी निवासी मरीज की रैपिड जांच पॉजिटिव आने के बाद एलाइजा जांच कराई गई, जिसमें डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से डेंगू से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, घर और आसपास पानी जमा न होने देने तथा सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करते हुए तत्काल जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *