राष्ट्रीय खेल दिवस पर कांग्रेस ने युवा खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय खेल दिवस और महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को कोटद्वार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे युवा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस सचिव बलबीर सिंह रावत के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मेजर ध्यानचंद तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केएस रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले कोटद्वार के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूल्स गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से इंदौर में आयोजित अंडर-14 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली प्राची (जीजीआईसी घमंडपुर), कल्पना (इंटर कॉलेज मोटाढांक) और विजय लक्ष्मी (जीजीआईसी कोटद्वार) को सम्मानित किया गया। वहीं टीकमगढ़, मध्य प्रदेश में आयोजित अंडर-14 बालक वर्ग की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले यशवर्धन (जीएचएस शिवराजपुर) को भी सम्मान मिला। खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर देने की है। उन्होंने युवाओं से मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री जसबीर राणा, रंजना रावत, राजे सिंह आर्य, विजय नेगी, प्रेम सिंह पयाल, वीरेंद्र सिंह रावत, दलीप सिंह रावत, गोकुल सिंह नेगी, शीला भारती, ज्योति, बबीता, सुषमा रावत, महाबीर सिंह नेगी, संदीप सिंह रावत, जावेद, भीमेंद्र पंवार, चंद्रमोहन सिंह रावत, नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई लोग उपस्थित रहे।