कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार में नियमित सफाई न होने से लग रहे कूड़े के ढेर

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में नियमित सफाई न होने से कूड़े की समस्या बनी हुई है। मोहल्ले से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है। नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में अनियमितता बरती जा रही है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान देने का तैयारी नहीं है।
निगम प्रशासन की लापरवाही से शहर में गंदगी के ढ़ेर लगे होने से आमजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं बरसात में पानी के साथ बहकर कूड़ा नालियों में जा रहा है। जिससे नालियां जाम हो रही हैं। शहर में मालगोदाम रोड, गाड़ीघाट तिराहा, काशीरामपुर तल्ला रोड सहित अन्य स्थानों पर कूड़े के ढेर आसानी से देखे जा सकते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में नगर निगम ने शहर के मुख्य चौराहों, कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर डस्टबिन लगाये थे, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण वह भी टूटे गये हैं अथवा कूड़े से भरे पड़े हैं। कूड़े के आसपास हमेशा आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जो कूड़े को सड़क पर बिखरे देते है। जिस कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ज्ञातव्य हो कि नगर निगम ने पूर्व में शहर में ऐसे सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित किया था, जहां पर लोग कूड़ा डालते है। इन स्थानों पर निगम की ओर से कूड़ेदान लगाये गये। जिसमें लोग कूड़ा डाल सकें और शहर में साफ-सफाई बनी रही, लेकिन इसके बावजूद भी सड़कों पर कूड़ा पड़ा देखा जा सकता है। इससे एक तो वहां पर आवारा पशुओं का जमावड़ा होने लगता है तो दूसरी ओर गंदगी फैलने के साथ ही यह कूड़ा सड़क पर बिखरा रहता है। वही गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का भी डर रहता है। इन सभी समस्याओं का समाधान तभी हो सकता है। जब हम सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हो जाएंगे।

क्या कहते है नगर आयुक्त
कोटद्वार। 
नगर निगम के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि निगम की ओर से जगह-जगह कूड़ा डालने के लिए डस्टबीन लगा रखे है, लेकिन लोग डस्टबिन के बजाय सड़क पर ही कूड़ा डालकर चले जाते हैं। जिससे शहर में गंदगी बढ़ती है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है। नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!