जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चीनी के दामों में हुई बढ़ोत्तरी के मद्देनजर सोमवार को प्रशासन एवं पूर्ति विभाग की टीम ने चीनी गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों को जमाखोरी नहीं करने की सख्ती चेतावनी दी गई।

खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक संजना बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में चीनी के भंडारण एवं उपलब्ध स्टाक की जानकारी ली। साथ ही व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों व गोदाम स्वामियों से अपील की कि वे चीनी की कालाबाजारी या अनियमित भंडारण न करें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही चीनी की बिक्री करें। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यापारी चीनी की कालाबाजारी करता है या अनियमित तरीके से इसका भंडारण एवं बिक्री करता पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पूर्ति निरीक्षक को दें। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं बाजार में उचित मूल्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।