जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उदयपुर क्षेत्र स्थित प्राचीन शिक्तपीठ माता श्याम सुंदरी मंदिर समिति की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रूपचंद्र लखेड़ा को दी गई। इस दौरान सदस्यों ने मंदिर के बेहतर विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

मंदिर परिसर में आयोजित अधिवेशन के दौरान अब तक मंदिर में हुए कार्यों का विवरण रखा गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य व कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल को समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया। इसके उपरांत आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान रूपचंद लखेड़ा को मंदिर समिति का अध्यक्ष चुना गया। राजेश लखेड़ा को उपाध्यक्ष, विनय मोहन को सचिव, गोपाल कुकरेती को कोषाध्यक्ष व विनोद लखेड़ा को उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई। भारत लखेड़ा को आय-व्यय निरीक्षक बनाया गया। नई कार्यकारिणी में जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल व रिखेड़ा के ग्राम प्रधान दीपचंद्र लखेड़ा को पदेन सदस्य बनाया गया। वहीं, पंडित उमेश बडोला, किशोर शर्मा और बृजमोहन सिंह रावत को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। अधिवेशन के बाद समिति की ओर से एक वृक्ष मां श्याम सुंदरी के नाम अभियान के तहत मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान पीपल, नीम, आंवला, हरड़ व बहेड़ा समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। समिति ने इस पहल के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समिति अध्यक्ष रूपचंद लखेड़ा ने बताया कि आगामी शारदीय नवरात्रि के सफल आयोजन और पूजा व्यवस्था को लेकर चार अक्टूबर को मंदिर परिसर में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी।