नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पटूड़ी का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। विद्यालय के कमरों की छत से प्लास्टर और सीमेंट के टुकड़े गिर रहे हैं। छत की सरिया तक दिखाई देने लगी है। इन दिनों बरसात में पानी रिसने से बच्चों और शिक्षकों के लिए परेशानी बढ़ गई है। खतरे को देखते हुए फिलहाल मुख्य कमरों में कक्षाएं बंद कर अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाई कराई जा रही है।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पटूड़ी में वर्तमान में 13 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। भवन की छत और कमरों की स्थिति खराब होने के कारण यहां पढ़ने वाले बच्चों के साथ शिक्षकों के लिए भी जोखिम बना हुआ है। छत से प्लास्टर के टुकड़े गिरने की स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन को कक्षाएं दूसरे कमरे में संचालित करनी पड़ रही हैं।
ग्राम प्रधान विजय शाह ने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण हुए कई वर्ष बीत चुके हैं। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण छत और कमरों की हालत खराब हो गई है। छत से प्लास्टर और सीमेंट के टुकड़े गिरते रहते हैं। कई जगह सरिया दिखाई दे रही है। इन दिनों हो रही बरसात के दौरान छत से पानी रिसकर कमरों में पहुंच रहा है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मुख्य कमरों में कक्षाएं संचालित करना मुश्किल हो गया है। बताया विद्यालय भवन के नव निर्माण की मांग लंबे समय से शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से की जा रही है। इसके बावजूद अभी तक भवन निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से खतरे को देखते हुए विद्यालय भवन का जल्द नव निर्माण कराने की मांग की।