नई टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक के देवल गांव निवासी मृतक केतन लाल हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी करने समेत छह सूत्री मांगों को लेकर परिजन और ग्रामीण तीसरे दिन भी कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर डटे रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता देने, सुरक्षा की दृष्टि से दूसरी जगह पुनर्वास करने और हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। आंदोलनरत लोगों ने सरकार पर पीड़ित परिवार की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
बुधवार को मृतक केतन लाल के पिता धनपाल लाल समेत भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को जल्द सरकारी नौकरी देने, परिवार को गांव से बाहर सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने और हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग उठाई। साथ ही परिवार के सभी सदस्यों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की भी मांग की। आंदोलनकारियों का कहना है कि शासन-प्रशासन के स्तर पर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मांगों पर कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
धरने पर दिलीप बर्मन, पंकज कुलवंशी, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, राकेश लाल, दिनेश कोहली, रुकमणी देवी आदि मौजूद रहे।