राहुल गांधी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंदौर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी ने रोष व्यक्त किया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया।


भाजपा जिला कार्यालय में एकत्रित कार्यकर्ता हिन्दू पंचायती धर्मशाला पहुंचे। यहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए झंडाचौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने झंडाचौक पर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने कहा कि अजीत डोभाल देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले और कीर्ति चक्र से सम्मानित उत्तराखंड के वीर सपूत हैं। उनके संबंध में की गई कथित टिप्पणी से उत्तराखंड की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और जिम्मेदारी का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता और एक बुजुर्ग महिला से संबंधित कथित उपहासजनक प्रस्तुति भी आपत्तिजनक है। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति और बुजुर्गों के सम्मान को विशेष महत्व दिया गया है। राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी महिला या वरिष्ठ नागरिक के सम्मान को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड अपने सैनिकों और राष्ट्रसेवा में समर्पित व्यक्तित्वों के सम्मान के लिए जाना जाता है। अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्वों के संबंध में टिप्पणी को लेकर प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। इस दौरान जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह आर्य, जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी व विजयानंद पोखरियाल, प्रदेश सह आइटी संयोजक यमन डबराल, जिला मंत्री विकास दीप मित्तल, जिला व्यापार संयोजक राजदीप माहेश्वरी, प्रमोद बंसल, मनीष भट्ट, मनमोहन सिंह, गोपाल कुकरेती, भाबर मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, मनमोहन द्विवेदी, संग्राम सिंह भंडारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशीबाला केस्टवाल, यशोदा नेगी, आरती केस्टवाल, निशा जुयाल, आशीष रौतेला, अजय कुमार, नगर अध्यक्ष कुंज अग्रवाल, मनमोहन सिंह और सुरेंद्र सिंह रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *