जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में भाजपा की जिला कार्य योजना बैठक में आगामी बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई। पार्टी की ओर से 31 अगस्त से 15 सितंबर तक अभियान चलाकर बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत करने का निर्णय लिया गया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी।

पनियाली स्थित अटल सभागार में हुई बैठक का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, जिला प्रभारी रमेश मैखुरी, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अण्थवाल और सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार बूथ स्तर पर सक्रिय संगठन है। बूथ कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान की तैयारियों को लेकर 24 से 26 अगस्त तक मंडल और 27 से 30 अगस्त तक शक्तिकेंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 31 अगस्त से 15 सितंबर तक व्यापक अभियान संचालित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे। जिला प्रभारी रमेश मैखुरी ने बूथ टोलियों के पुनर्गठन, कार्यकर्ताओं के दायित्व निर्धारण और नियमित जनसंपर्क को लेकर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव है। वहीं भाजपा आईटी टीम के वरिष्ठ सदस्य शुभम मेहता ने सरल एप के माध्यम से बूथ गतिविधियों को अपडेट करने की जानकारी दी।