भाबर में बनेगा आधुनिक इंडोर स्टेडियम, 7.86 करोड़ की स्वीकृति

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के भाबर में आधुनिक इंडोर स्टेडियम निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राज्य सरकार ने स्टेडियम निर्माण के लिए 7.86 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने इसे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
ऋतु खंडूडी भूषण ने बताया कि शासन की स्वीकृति के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य उत्तराखंड पेयजल संसाधन एवं निर्माण विकास निगम (खेल इकाई), देहरादून के माध्यम से कराया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंडोर स्टेडियम बनने से भाबर सहित पूरे कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखरने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उपयुक्त वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। कोटद्वार विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के साथ खेल अवसंरचना के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि इंडोर स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे और कोटद्वार विधानसभा खेल गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *