जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से राज्य निर्माण आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खटीमा और मसूरी गोलीकांड में बलिदान हुए राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया गया।

महानगर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने खटीमा और मसूरी गोलीकांड में बलिदान हुए आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे बेहतर और आत्मनिर्भर बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा पलायन की समस्या पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने की दिशा में काम किया जाना जरूरी है। राज्य आंदोलन में बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों का इतिहास उत्तराखंड की अमिट धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, संजय मित्तल, प्रवीण रावत, धीरेंद्र बिष्ट, डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, गणेश नेगी, विजय रावत, शूरवीर खेतवाल, बृजपाल सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह नेगी, राजीव कपूर, जानकी बुडाकोटी, लक्ष्मी देवी, शहनाज शम्सी, प्रीति देवी, सुमित रावत, धर्मेंद्र रावत, मदन सिंह रावत, राकेश शर्मा और हेमचंद्र पंवार मौजूद रहे।