जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : टूरिस्ट फाउंडेशन की ओर से ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल में सुखरो जोन के माध्यमिक विद्यालयों की भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

‘भारत को समृद्ध बनाने के लिए संस्कारयुक्त, नशामुक्त समाज’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल की छात्रा अक्षिता ध्यानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनुष्का द्वितीय और नैंसी तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त जीवन अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अजयपाल सिंह रावत, शंकरदत्त गौड़, चित्रमणि देवलियाल, जनार्दन प्रसाद ध्यानी और इंद्रमणि देवरानी मौजूद रहे।